जय भीम बोलने पर कथित दुर्व्यवहार और मारपीट का आरोप, मुजफ्फरनगर डीएम कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू, एससी-एसटी एक्ट में कार्रवाई और सार्वजनिक माफी की मांग।

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) समाज को साथ लेकर राजनीति करने का दावा करने वाले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अब एक दलित युवक के गंभीर आरोपों को लेकर विवादों में घिर गए हैं। लखनऊ में जय भीम का नारा लगाने और पंचशील का पटका पहनने पर कथित रूप से अपमानित किए जाने का मामला अब मुजफ्फरनगर तक पहुंच गया है। पीड़ित अमित कुमार उर्फ अमित कालानिया ने अखिलेश यादव के विरोध में मोर्चा खोलते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। विरोध को और तीखा रूप देते हुए प्रदर्शनकारियों ने अखिलेश यादव का चित्र उल्टा लटकाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। इस तस्वीर के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।
अमित कालानिया का आरोप है कि 6 नवंबर को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में उनके साथ एक सुरक्षा कर्मी ने मारपीट और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए अपमानजनक व्यवहार किया। अमित के मुताबिक, वह अपने साथी शिवकुमार गौतम के साथ लोहिया सभागार में कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। उनके गले में पंचशील का पटका था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह मंच के पास रखी एक खाली कुर्सी पर बैठकर जय भीम का नारा लगाते हुए वीडियो बनवा रहे थे। इसी दौरान एक सुरक्षा कर्मी ने कथित तौर पर उन्हें धक्का देकर कुर्सी से उठाया और जातिगत टिप्पणी की। पीड़ित का दावा है कि सुरक्षा कर्मी ने उनके साथी के साथ भी अभद्रता की तथा मोबाइल छीनकर वीडियो डिलीट करने का दबाव बनाया। अमित का आरोप है कि उन्होंने उसी दिन अखिलेश यादव से मिलकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत भी की, लेकिन उन्हें अपनी बात पूरी तरह रखने का अवसर नहीं मिला और न ही अब तक उन्हें कोई संतोषजनक जवाब मिला।

पीडीए की राजनीति पर उठाए सवाल

इस प्रकरण ने समाजवादी पार्टी के पीडीए नारे को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अमित का कहना है कि वह करीब दस वर्षों से अखिलेश यादव और समाजवादी विचारधारा के समर्थक रहे हैं। वह लखनऊ में पीडीए श्रमिक ऋण गारंटी योजना का प्रस्ताव लेकर भी पहुंचे थे, जिसमें गरीब पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक परिवारों को बिना संपत्ति गिरवी रखे एक से पांच लाख रुपये तक ऋण उपलब्ध कराने की मांग शामिल थी। उनका आरोप है कि एक तरफ पीडीए के नाम पर समर्थन मांगा जाता है, दूसरी तरफ दलित समाज के सम्मान और जय भीम के नारे को लेकर ऐसा व्यवहार बेहद गंभीर सवाल खड़े करता है।

न्याय मिलने तक जारी रहेगा धरना

अमित कालानिया ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने मांग की है कि लखनऊ कार्यालय के सीसीटीवी फुटेज, उपलब्ध वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान सुरक्षित कर जांच में शामिल किए जाएं। आरोप सही पाए जाने पर अखिलेश यादव और संबंधित सुरक्षा कर्मी के विरुद्ध एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाए। पीड़ित ने सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए स्पष्ट किया है कि जब तक न्याय नहीं मिलता और उनकी मांगों पर कार्रवाई आगे नहीं बढ़ती, तब तक जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना जारी रहेगा। अखिलेश यादव का उल्टा लटकाया गया चित्र अब इस विरोध का प्रतीक बन गया है। फिलहाल इस मामले में अमित द्वारा लगाए गए आरोपों पर अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी का पक्ष सामने आना बाकी है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि भी अभी नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights