भाजपा पर पंकज मलिक का तीखा हमला, बॉबी त्यागी को महानगर की कमान
महावीर चौक स्थित सपा कार्यालय में एक ही मंच से भाजपा सरकार को महंगाई, बेरोजगारी और जनसमस्याओं पर घेरा
राकेश शर्मा ने चुनावी मुद्दों से भटकाने का लगाया आरोप
40 से अधिक पदाधिकारियों की महानगर कार्यकारिणी घोषित
सांसद हरेंद्र मलिक, राकेश शर्मा और दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में नई टीम का हुआ स्वागत
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की सियासी आहट के बीच समाजवादी पार्टी ने मुजफ्फरनगर से भाजपा के खिलाफ राजनीतिक मोर्चाबंदी तेज करने के संकेत दे दिए हैं। महावीर चौक स्थित सपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता केवल सरकार पर आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसी मंच से पार्टी ने संगठन को मजबूत करने के लिए महानगर कार्यकारिणी का विस्तार भी कर दिया। एक तरफ चरथावल विधायक पंकज मलिक ने महंगाई, बेरोजगारी और किसानों-युवाओं की समस्याओं को लेकर योगी सरकार पर तीखे सवाल दागे, तो दूसरी तरफ वरिष्ठ नेता राकेश शर्मा ने भाजपा की चुनावी राजनीति पर निशाना साधते हुए जनता के वास्तविक मुद्दों पर जवाब मांगा। इसी दौरान पुष्पेंद्र उर्फ बॉबी त्यागी को महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपते हुए 40 से अधिक पदाधिकारियों की नई टीम को संगठन में स्थान दिया गया। राजनीतिक जानकारों की नजर में यह आयोजन आगामी चुनाव से पहले सपा की राजनीतिक सक्रियता और संगठनात्मक तैयारी का महत्वपूर्ण संकेत है। प्रेस वार्ता में चरथावल विधायक पंकज मलिक ने प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश का आम नागरिक महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है। युवाओं के सामने रोजगार का संकट है, किसान अपनी समस्याओं को लेकर परेशान हैं और आम परिवार बढ़ती महंगाई का बोझ झेल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन बुनियादी समस्याओं पर जवाब देने के बजाय धर्म और जाति के मुद्दों को राजनीतिक बहस के केंद्र में रख रही है।
जिला अध्यक्ष जिया चौधरी ने कहा कि जनता को राजनीतिक नारों और जुमलों से नहीं, बल्कि रोजगार, विकास और आर्थिक राहत से मतलब है। समाज को बांटने वाली राजनीति से आम आदमी की समस्याओं का समाधान नहीं हो सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता के सवालों को नजरअंदाज करके सरकार अपनी जिम्मेदारियों से बच नहीं सकती। आने वाले विधानसभा चुनाव में इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। वहीं समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राकेश शर्मा ने भी भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के पास जनता के बीच ले जाने के लिए ठोस चुनावी मुद्दों का अभाव दिखाई दे रहा है। चुनाव के समय सांप्रदायिक तनाव और दंगों जैसे मुद्दों को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की राजनीति में महंगाई, बेरोजगारी, विकास और आम जनता की समस्याओं पर खुली बहस होनी चाहिए।
राकेश शर्मा ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं, लेकिन जनता अब केवल नारों से संतुष्ट होने वाली नहीं है। सरकार को अपने दावों और जमीनी हकीकत के आधार पर जवाब देना होगा। उन्होंने संकेत दिया कि समाजवादी पार्टी आने वाले समय में जनसमस्याओं को लेकर जनता के बीच जाएगी और सरकार को उसके वादों की याद दिलाएगी। राजनीतिक हमले के साथ ही प्रेस वार्ता का दूसरा बड़ा आकर्षण समाजवादी पार्टी महानगर कार्यकारिणी का विस्तार रहा। पुष्पेंद्र उर्फ बॉबी त्यागी को महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। मौहम्मद असद पाशा को महासचिव बनाया गया। सभासद वाजिद अली, सभासद सुंदर सिंह, आमिर हुसैन, अमित अरोरा, काजी सरफराज और शारिक खान को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई, जबकि नीरज गुप्ता को कोषाध्यक्ष बनाया गया। वहीं नगर सचिव के रूप में चौधरी फरमान, वाहिद अहमद, विपिन त्यागी, अफजल सैफी, कमल खटीक, नदीम खान, राजकुमार, दुर्गेश पाल, दीपक पाल और मौहम्मद शहजान को जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा सद्दाम खां, शाहबाज, मौहम्मद शाकिब, शोभित पाल, वेद प्रकाश उर्फ पप्पू, सुनील कुमार, मौहम्मद वाजिद, समीर, मौहम्मद अनस, बंटी वाल्मीकि, मौहम्मद अफ्फान, गौरव कुमार, अविनाश सैनी, प्रवीण गहलौत, क्रिश अरोरा, विशु पाल, शाकिब सिद्दीकी और महताब खां को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया।
इस दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों के स्वागत के लिए आयोजित कार्यक्रम में सांसद हरेंद्र मलिक, पूर्व सांसद कादिर राणा, चरथावल विधायक पंकज मलिक, सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी, वरिष्ठ नेता राकेश शर्मा, इलम सिंह गुर्जर, ब्रज राज सैनी, श्यामलाल बच्ची सैनी, धनवीर कश्यप, प्रमोद त्यागी, सतेंद्र सैनी, अंसार आड़ती, राशिद सिद्दीकी, वसी अंसारी, मेराजुद्दीन तेवड़ा, अलीम सिद्दीकी, नौशाद बुढ़ाना और सोमपाल भाटी सहित अनेक वरिष्ठ नेता मौजूद रहे और सभी वरिष्ठ नेताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया और पार्टी संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्हें अपने पदों की गरिमा बनाए रखने, समाजवादी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा पार्टी के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण से काम करने का संकल्प भी दिलाया गया। इस पूरे कार्यक्रम की देखरेख महानगर की जिम्मेदारी संभालने वाले बॉबी त्यागी ने की। इस दौरान उन्होंने नई कार्यकारिणी को संगठन की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सभी पदाधिकारी आपसी तालमेल और पूरी सक्रियता के साथ पार्टी को महानगर में मजबूत करने का काम करेंगे। उनका कहना था कि नई टीम की जिम्मेदारी केवल पद संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता के बीच पहुंचकर पार्टी की विचारधारा और नीतियों को आगे बढ़ाना भी है।
