uk-education-guest-faculty-

देहरादून, 21 नवंबर । उत्तराखंड के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश के राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों में कार्यरत गेस्ट फैकल्टी के मानदेय में वृद्धि का प्रस्ताव शीघ्र कैबिनेट में लाया जाएगा। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

शनिवार को विधानसभा स्थित सभाकक्ष में उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में मंत्री ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश के राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों में विभिन्न संकायों में करीब 400 गेस्ट फैकल्टी कार्यरत हैं। इन्हें फिलहाल लगभग 35 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है, जबकि लंबे समय से यूजीसी के निर्धारित मानकों के अनुरूप 57,700 रुपये प्रतिमाह मानदेय देने की मांग की जा रही है।

मंत्री ने कहा कि अतिथि संकाय सदस्यों को यूजीसी के मानकों के अनुरूप मानदेय उपलब्ध कराने के लिए जल्द ही कैबिनेट में प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी की जा सके।

बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री ने विभागीय बजट व्यय की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अवशेष बजट शीघ्र खर्च करने और निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं के शिलान्यास तथा पूर्ण हो चुकी योजनाओं के लोकार्पण की सूची तैयार करने को भी कहा।

उन्होंने राजकीय महाविद्यालयों में संचालित छात्रावासों में छात्र-छात्राओं को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि छात्रावासों में विद्यार्थी नहीं आते हैं तो उनके स्थान पर शिक्षकों और कर्मचारियों को रहने की अनुमति देने पर विचार किया जा सकता है, ताकि इन सुविधाओं का सदुपयोग हो सके।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को निःशुल्क टैबलेट वितरित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए अधिकारियों को टैबलेट वितरण से संबंधित प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में सचिव उच्च शिक्षा बीवीआरसी पुरुषोत्तम, अपर सचिव मनुज गोयल, निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. एएस उनियाल, संयुक्त निदेशक डॉ. संगीता गुप्ता, उप सचिव हरीश सागर, दीपक कुमार और विधि अधिकारी डॉ. बीसी चौबे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights