मेरठ-पौड़ी हाईवे पर सिकरेड़ा के पास हादसा, छह साल और आठ साल की बच्चियां भी जख्मी; मंदिर दर्शन को जा रहे 25 यात्रियों में मची चीख-पुकार।
मीरापुर (नीरज प्रजापति)। घना कोहरा, हाईवे पर कम दृश्यता और गलत दिशा से दौड़ता ट्रक… इन सबके बीच मेरठ-पौड़ी हाईवे पर सिकरेड़ा गांव के निकट एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सामने से आ रही टूरिस्ट बस को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस सवार नौ लोग घायल हो गए, जिनमें दो मासूम बच्चियां भी शामिल हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के भीतर यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया गया कि बस में सवार 25 यात्री कोटद्वार स्थित सिद्धबली मंदिर में दर्शन करने के लिए जा रहे थे। रास्ते में सिकरेड़ा गांव के पास घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान आरोप है कि गलत दिशा से आए ट्रक ने बस को सामने से टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों को चोटें आईं और मौके पर मदद के लिए आवाजें उठने लगीं। घटना में मुजफ्फरनगर के अवध विहार निवासी ज्ञानेंद्र शर्मा पुत्र बलजोर, सीमा पत्नी पवन, अमरेश पुत्र योगेंद्र, बस चालक शाहरुख, सनी शर्मा पुत्र रविंदर शर्मा, सरिता पत्नी ब्रह्मपाल सिंह, छह वर्षीय दीशा पुत्री सनी, आठ वर्षीय आराध्या पुत्री ज्ञानेंद्र तथा पवन पुत्र रतन सिंह घायल हुए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। घायलों को उपचार के लिए जानसठ तथा जिला अस्पताल भेजा गया। घायल ज्ञानेंद्र शर्मा ने बताया कि बस में कुल 25 लोग सवार थे और सभी सिद्धबली मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे।
हाईवे पर लगा वाहनों का लंबा जाम
टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त बस सड़क पर खड़ी होने से हाईवे पर यातायात बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक घने कोहरे के बावजूद तेज गति से वाहन चला रहा था और डिवाइडर पार कर गलत दिशा में पहुंच गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर बीआईटी पुलिस चौकी भेज दिया है। ट्रक चालक को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया है।
