शामली। जनपद के थाना आदर्शमंडी क्षेत्र के गांव गोहरपुर में आयोजित नवरात्र मेले की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने एक 22 वर्षीय युवक की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे मेले में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते श्रद्धालुओं की भीड़ भगदड़ में बदल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव गोहरपुर में चैत्र नवरात्र की सप्तमी के अवसर पर वार्षिक मेले का आयोजन किया गया था, जहां आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इसी दौरान गांव तलवा माजरा निवासी अभी (22 वर्ष) पुत्र सुनील अपने चचेरे भाई और दोस्तों के साथ मेला देखने आया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक मौके पर पहुंचे और बिना किसी कहासुनी के अभी को निशाना बनाते हुए उसके पेट में गोली मार दी। गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर खुलेआम असलहा लहराते हुए मौके से फरार हो गए। जैसे ही गोली चलने की आवाज गूंजी, मेले में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। महिलाएं और बच्चे जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। दुकानदारों ने भी आनन-फानन में अपनी दुकानें समेट लीं। कुछ ही मिनटों में हंसी-खुशी का माहौल चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गया। घायल युवक को तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर हालत के चलते उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया, लेकिन स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का आरोप है कि इतने बड़े मेले में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिससे बदमाशों के हौसले बुलंद हो गए। ग्रामीणों और मेले में आए लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। नवरात्र जैसे इस पवन पर्व पर हुए इस घटना ने कानून-व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों और मेले में आए लोगों का कहना है कि पुलिस कब तक हत्यारों को सलाखों के पीछे पहुंचा पाती है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights