सीएमओ ने मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा संचालित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य स्वास्थ्य मेलों में उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का मूल्यांकन करना था। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा जनपद के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का भ्रमण किया गया, जिनमें नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कृष्णापुरी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जटमुझेड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोरना, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तेजलहेड़ा , प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोकरहेडी एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरला शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य मेलों में पंजीकरण व्यवस्था, मरीजों की जांच, दवा वितरण, टीकाकरण एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि स्वास्थ्य मेलों में पर्याप्त मात्रा में दवाएं उपलब्ध रहें, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए तथा सभी अभिलेख अद्यतन रूप से संधारित किए जाएं।


मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा उपस्थित लाभार्थियों से संवाद कर उन्हें सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी गई तथा अधिक से अधिक लोगों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके निकट ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा के साथ निर्वहन करें तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights