हेल्थ पैराडाइज’ ने बदली मुजफ्फरनगर की तस्वीर: अब नहीं जाना पड़ेगा दिल्ली-मेरठ, 19 विभागों के साथ आधुनिक इलाज का भव्य आगाज़
मुजफ्फरनगर। जनपद के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक ऐतिहासिक और क्रांतिकारी कदम उठाते हुए रुड़की रोड स्थित हेल्थ पैराडाइज अस्पताल ने अपने भव्य शुभारंभ के साथ चिकित्सा सेवाओं का नया अध्याय शुरू कर दिया है। अब तक गंभीर बीमारियों या बेहतर इलाज के लिए मरीजों को मेरठ और दिल्ली का रुख करना पड़ता था, लेकिन हेल्थ पैराडाइज के आगमन के बाद यह जरूरत काफी हद तक समाप्त होती नजर आ रही है। रविवार को आयोजित एक विस्तृत प्रेस वार्ता में अस्पताल प्रबंधन ने मीडिया के समक्ष अपनी आधुनिक सुविधाओं, उच्चस्तरीय चिकित्सा व्यवस्था और सेवा भाव की सोच को विस्तार से रखा। बताया गया कि अस्पताल में एक ही छत के नीचे 19 अलग-अलग विभागों की व्यवस्था की गई है, जहां मरीजों को हर प्रकार की जांच, उपचार और परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अस्पताल की खास बात यह है कि यहां एमबीबीएस, बीएमएस सहित विभिन्न विशेषज्ञता वाले अनुभवी और प्रशिक्षित चिकित्सकों की टीम तैनात की गई है। सभी डॉक्टर अपने-अपने क्षेत्र में दक्ष होने के साथ-साथ आधुनिक तकनीकों और नवीनतम चिकित्सा पद्धतियों का उपयोग कर मरीजों का इलाज करेंगे। अस्पताल के प्रबंधक जुनैद अली ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि हेल्थ पैराडाइज केवल एक अस्पताल नहीं, बल्कि एक सेवा मिशन है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य मुनाफा कमाना नहीं, बल्कि मरीजों को बेहतर, सस्ता और भरोसेमंद इलाज देना है। अस्पताल का संचालन सेवा भाव से किया जा रहा है, ताकि हर वर्ग का व्यक्ति यहां आकर बिना किसी परेशानी के इलाज करा सके।” इस मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री व पुरकाजी विधायक अनिल कुमार ने फीता काटकर अस्पताल का भव्य उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि
“डॉक्टर समाज के लिए भगवान के समान होते हैं। मरीज और उनके परिजन डॉक्टरों पर आंख बंद करके भरोसा करते हैं, क्योंकि जीवन और मृत्यु के बीच की डोर कहीं न कहीं चिकित्सकों के हाथ में होती है। लेकिन कुछ झोलाछाप डॉक्टरों की वजह से पूरे चिकित्सा क्षेत्र की छवि प्रभावित होती है। ऐसे में हेल्थ पैराडाइज जैसे संस्थान, जो सभी मानकों का पालन करते हुए कार्य कर रहे हैं, समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल में नियुक्त चिकित्सक न केवल उच्च डिग्रीधारी हैं, बल्कि वर्षों का अनुभव लेकर निस्वार्थ भाव से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। इससे मरीजों को सुरक्षित, सटीक और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलेगा।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, यहां अत्याधुनिक उपकरणों, साफ-सफाई, आपातकालीन सेवाओं और मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हर जरूरी व्यवस्था की गई है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया है कि इलाज की प्रक्रिया पारदर्शी और मरीजों के लिए सहज हो। बताया गया कि हेल्थ पैराडाइज अस्पताल का शुभारंभ मुजफ्फरनगर के स्वास्थ्य ढांचे के लिए एक मील का पत्थर साबित हो सकता है। अब स्थानीय लोगों को बड़े शहरों की भागदौड़ और अतिरिक्त खर्च से राहत मिलेगी, और उन्हें अपने ही शहर में बेहतर, आधुनिक और भरोसेमंद चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights