हरियाणा के रोहतक जिले के कलानौर पुलिस स्टेशन में एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां एक सब-इंस्पेक्टर ने अपनी ही सरकारी रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
सब-इंस्पेक्टर ने सरकारी रिवाल्वर से खुद को मारी गोली
मृतक की पहचान सब-इंस्पेक्टर कुलदीप के रूप में हुई है, जो ERV 594 पर तैनात थे और EASI के पद पर कार्यरत थे. कुलदीप मूल रूप से झज्जर जिले के डीघल गांव के रहने वाले थे और फिलहाल रोहतक के कमला नगर, झज्जर चुंगी क्षेत्र में रह रहे थे.
जानकारी के अनुसार, कुलदीप सोमवार (30 मार्च) को कलानौर थाना में खाना खाने के लिए आए हुए थे. इसी दौरान वह थाना परिसर में नीचे एक किनारे चले गए, जहां उन्होंने अपनी सरकारी रिवॉल्वर से खुद के सिर में गोली मार ली. गोली चलने की आवाज सुनते ही थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे.
किन परिस्थितियों में सब-इंस्पेक्टर ने उठाया इतना बड़ा कदम?
घटना के तुरंत बाद घायल अवस्था में कुलदीप को रोहतक के पीजीआई अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में सब-इंस्पेक्टर ने इतना बड़ा कदम उठाया.
घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है. साथी पुलिसकर्मियों ने कुलदीप को एक मेहनती और जिम्मेदार अधिकारी बताया है. वहीं, परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है. फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है.
