शादी का झांसा देकर एक युवती की जिंदगी बर्बाद करने का बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। बीआरएस नगर की एक सोसाइटी में रहने वाली पीड़िता ने गगनजोत सिंह नामक युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि आरोपी ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसाया और फिर शादी का झूठा वादा कर उसकी आबरू से खिलवाड़ किया।
पिता की मौत के बाद आरोपी ने उठाया फायदा
पीड़िता का कहना है कि उसके पिता की मौत हो गई थी। जिसके बाद आरोपी के बड़े भाई और उसकी माता के बीच विवाह की बातचीत चलने के कारण दोनों परिवारों का एक-दूसरे के घर आना-जाना था, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता ने बताया कि जून 2025 की एक रात करीब साढ़े दस बजे आरोपी गगनजोत उसके घर आया और उसे शादी का सपना दिखाकर उसके साथ जबरदस्ती की।
मां बनने पर आरोपी शादी से मुकरा
इस शारीरिक शोषण के कारण पीड़िता गर्भवती हो गई और उसने बीते 4 मई 2026 को एक मासूम बच्चे को जन्म दिया है। अब जब पीड़िता ने आरोपी पर शादी का दबाव बनाया तो आरोपी अपनी बात से पूरी तरह मुकर गया और पीड़िता को बेसहारा छोड़ दिया। बदनामी और धोखे का दंश झेल रही पीड़िता ने अब इंसाफ की गुहार लगाते हुए आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। थाना सराभा नगर की पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपी गगनजोत सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
