नीरज प्रजापति

जनसंख्या नियंत्रण कानून पर भी केंद्र सरकार को घेरा, विपक्ष की जातीय राजनीति और इंडिया गठबंधन की रैली पर साधा तीखा निशाना।

मुजफ्फरनगर। देश की राजनीति में आने वाले दिनों में बड़े बदलावों के संकेत देते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने पंजाब की सियासत को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अब पंजाब में किसी दूसरे दल के सहारे नहीं, बल्कि अपने दम पर सरकार बनाने की स्थिति में पहुंच रही है। पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ेगी। उनके इस बयान को पंजाब की राजनीति में भाजपा की नई रणनीति और सियासी विस्तार के तौर पर देखा जा रहा है। मंगलवार देर शाम मुजफ्फरनगर में हिंदू संघर्ष समिति के कार्यक्रम में पहुंचे डॉ. संजीव बालियान ने विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने केवल पंजाब की राजनीति पर ही नहीं, बल्कि देश में जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू करने की जरूरत पर भी जोरदार ढंग से अपनी मांग उठाई। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश में जनसंख्या और उपलब्ध संसाधनों के बीच संतुलन कायम करना बेहद जरूरी है। उनके मुताबिक देश की आबादी 150 करोड़ से अधिक हो चुकी है और बढ़ती जनसंख्या के दबाव को देखते हुए ठोस नीतिगत कदम उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने केंद्र सरकार से जल्द जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू करने की मांग की। डॉ. बालियान ने इस मुद्दे पर अपने पुराने प्रयासों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में वह संसद में जनसंख्या नियंत्रण को लेकर निजी विधेयक लेकर आए थे। उनके प्रस्ताव को 125 सांसदों का समर्थन मिला था। इस विषय को लेकर समर्थक सांसदों के साथ उन्होंने तत्कालीन राष्ट्रपति से भी मुलाकात की थी, लेकिन उनका प्रस्ताव कानून का रूप नहीं ले सका। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह आज भी इस कानून के पक्षधर हैं। दिल्ली में आयोजित इंडिया ब्लॉक की रैली को लेकर भी डॉ. संजीव बालियान ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने विपक्षी दलों की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि रैली में आम जनता की भागीदारी नजर नहीं आई और इसमें मुख्य रूप से सपा-कांग्रेस के कार्यकर्ता ही शामिल हुए। उन्होंने कहा कि विपक्ष रैलियों के माध्यम से अपनी राजनीति करता है, जबकि भाजपा जनता के बीच पदयात्रा के जरिए अपनी बात पहुंचाने का काम कर रही है। डॉ. बालियान ने विपक्ष पर समाज को जातियों में बांटकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में भी इस तरह की राजनीति की गई थी और अब एक बार फिर समाज को जातिगत आधार पर बांटने के प्रयास किए जा रहे हैं। उनके अनुसार समाज को विभाजित करने के बजाय एकजुटता और विकास के मुद्दों पर राजनीति होनी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान उनके बयानों ने प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय राजनीति तक कई मुद्दों को चर्चा के केंद्र में ला दिया। खासतौर पर पंजाब में भाजपा के अकेले सरकार बनाने के दावे और जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस को हवा दे दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights