मेरठ जिले में पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपए के इनामी गो-तस्कर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया जिसकी पहचान थाना किठौर क्षेत्र के ग्राम कायस्थ बड्ढा निवासी यामीन उर्फ टुचा (42) के रूप में हुई है। उसने बताया कि 14-15 अप्रैल की रात पचगांव पट्टी अमर सिंह के गन्ने के खेत में गोवंश के अवशेष मिलने के बाद भावनपुर थाने में उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की तलाश की जा रही थी। पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात मेदपुर बाईपास पर वाहनों की जांच के दौरान गुप्त सूचना मिली कि वांछित आरोपी यामीन आवारा गोवंश की रेकी करते हुए वहां आने वाला है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर गया।

उसने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने भावनपुर क्षेत्र में पहले हुई गोवध की घटनाओं में शामिल होने की बात कबूल की है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से .315 बोर का तमंचा, एक कारतूस और एक खोखा बरामद किए गए हैं। उसने बताया कि आरोपी के खिलाफ मेरठ के विभिन्न थानों में गोवध, अवैध हथियार रखने, चोरी और आबकारी अधिनियम समेत 11 मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights