एडीएम गंभीर सिंह ने बैंककर्मियों से लेकर जनसेवा केंद्र संचालकों तक के साथ की ऑनलाइन बैठकें, घर-घर तक स्व-गणना का संदेश पहुंचाने की तैयारी।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। जनगणना-2027 के स्व-गणना अभियान में जनपद की प्रगति और रैंकिंग को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अब पूरी ताकत झोंक दी है। अभियान को केवल सरकारी औपचारिकता तक सीमित रखने के बजाय इसे जनभागीदारी से जोड़ने की कवायद तेज कर दी गई है। इसके लिए प्रशासन ने विभिन्न विभागों, बैंककर्मियों और जमीनी स्तर पर काम करने वाले कर्मचारियों को सक्रिय करते हुए व्यापक प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी सौंपी है।
जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अलग-अलग ऑनलाइन बैठकें कर अभियान की प्रगति और आगे की रणनीति पर चर्चा की। जूम मीटिंग के माध्यम से बैंक कर्मियों, प्रगणकों, चार्ज अधिकारियों, सुपरवाइजरों, फील्ड ट्रेनर्स, आपदा कर्मियों तथा जनसेवा केंद्र संचालकों से सीधा संवाद स्थापित किया गया। बैठकों में स्व-गणना की प्रक्रिया को विस्तार से समझाते हुए स्पष्ट किया गया कि अधिक से अधिक नागरिकों तक इसकी जानकारी पहुंचाना सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में लोगों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करें, ताकि नागरिक स्वयं इस राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा बन सकें। अपर जिलाधिकारी गंभीर सिंह ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश की भावी योजनाओं और विकास की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इससे प्राप्त आंकड़ों का उपयोग विभिन्न योजनाओं और नीतियों के निर्माण में किया जाता है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता बेहद जरूरी है। उन्होंने विशेष रूप से जनपद की स्व-गणना प्रगति और रैंकिंग में सुधार पर जोर देते हुए सभी विभागों से टीम भावना के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता तभी सुनिश्चित होगी, जब सरकारी तंत्र के साथ आम नागरिक भी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।
