मेरठ की क्रांति धरा से मुख्यमंत्री का हुंकार, बोले- कभी वाहन चोरी और अपराध से पहचाना जाता था मेरठ, आज नमो भारत, स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी और विकास की नई पहचान बना रहा उत्तर प्रदेश, 20 हजार सपूतों ने देश की रक्षा में दिया बलिदान।

मेरठ (नीरज प्रजापति)। 1857 की क्रांति की ऐतिहासिक धरती से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सैनिकों के सम्मान, राष्ट्रीय सुरक्षा और उत्तर प्रदेश में आए बदलाव को लेकर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी देश और समाज की प्रगति के लिए सुरक्षित वातावरण सबसे पहली शर्त है। सुरक्षा का माहौल न हो तो विकास की गति भी दुर्गति में बदल जाती है। आज देशवासी इसलिए चैन की नींद सो पाते हैं, क्योंकि हमारे सैनिक हर मोर्चे पर मुस्तैदी से खड़े रहकर देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं। सैनिक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, उसके मन में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा का जज्बा जीवनभर बना रहता है। मुख्यमंत्री ने 1857 की क्रांति का स्मरण करते हुए कहा कि इसी पावन धरा से गुलामी की बेड़ियां तोड़ने का बिगुल बजा था। वह वीरों और क्रांतिकारियों की धरती है, जिसे वह नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश वीरों की भूमि है। प्रदेश में सैनिकों के करीब 20 लाख परिवार हैं और हर वर्ष लगभग 12 हजार सैनिक सेवानिवृत्त होते हैं। यहां ऐसे हजारों परिवार हैं, जिनमें दादा, पिता और अब नई पीढ़ी भी वर्दी पहनकर देश की सेवा कर रही है। प्रदेश के 20 हजार सपूतों ने राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। योगी आदित्यनाथ ने मेरठ के पुराने हालात का जिक्र करते हुए कहा कि एक दशक पहले मेरठ की चर्चा वाहन चोरी, अवैध कटान और अपराध के कारण होती थी। किसान परेशान थे, नहरों में पानी की किल्लत थी, खेतों में बिजली नहीं मिलती थी और ट्यूबवेल व बिजली के तार तक चोरी हो जाते थे। आज तस्वीर बदल चुकी है। मेरठ वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के माध्यम से अपनी नई पहचान बना रहा है। किसानों को खेतों के लिए मुफ्त बिजली और पानी की सुविधा मिल रही है। नमो भारत और आरआरटीएस कॉरिडोर ने मेरठ की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई दी है। मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय भी आकार ले रहा है।
मुख्यमंत्री ने पुराने घटनाक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2015 में मेरठ में एक लड़की से छेड़छाड़ के मामले में एक सैनिक की हत्या कर दी गई थी। वहीं वर्ष 2016 में कारगिल युद्ध के पूर्व सैनिक गणेश कुमार के साथ कथित रूप से अपमानजनक घटना हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय सैनिकों के सम्मान को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं दी जाती थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नया भारत अपने सैनिकों को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। आतंकवादी हमलों का जवाब अब निर्णायक तरीके से दिया जाता है। ऑपरेशन सिंदूर ने भारत की सैन्य ताकत और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया। मुख्यमंत्री ने ब्रह्मोस मिसाइल का उल्लेख करते हुए कहा कि अब इसका निर्माण लखनऊ में हो रहा है और ऑपरेशन सिंदूर में इसी मिसाइल ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने विकसित भारत के संकल्प के साथ पांच प्रणों में सैनिकों के सम्मान को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया है। प्रधानमंत्री हर वर्ष दिवाली सैनिकों के साथ मनाकर उनका मनोबल बढ़ाते हैं। रक्षा बजट में 58 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी सरकार के लिए वर्दीधारियों का सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए। आने वाले 25 वर्ष देश के भविष्य के लिए निर्णायक साबित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights