मामूली बात पर मुकंदपुर और अलीपुर खुर्द के युवकों में खूनी संघर्ष, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई मारपीट की पूरी वारदात, पुलिस ने कई लोगों पर दर्ज किया मुकदमा।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। एक छोटी सी बात कब बड़े विवाद और हिंसक संघर्ष का रूप ले ले, इसका उदाहरण तितावी थाना क्षेत्र के बघरा बस स्टैंड पर देखने को मिला। यहां गुटका थूकने जैसी मामूली बात को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई और सार्वजनिक स्थान पर जमकर हंगामा हुआ। घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी। जानकारी के अनुसार मुकंदपुर और अलीपुर खुर्द गांव के युवकों के बीच गुटका थूकने को लेकर कहासुनी हुई थी। शुरुआत में मामूली नजर आने वाला विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के युवक एक-दूसरे पर हमलावर हो गए। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मारपीट के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर संघर्ष हुआ। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवकों के बीच मारपीट की वारदात कैद होने की बात कही जा रही है। घटना के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। तितावी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामूली विवाद को लेकर सार्वजनिक स्थान पर हुए इस संघर्ष ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर छोटी-छोटी बातों पर लोग कानून हाथ में लेने से क्यों नहीं हिचक रहे हैं।
