मुजफ्फरनगर सहकारी बैंक ने रचा इतिहास: 31 करोड़ नेट प्रॉफिट के साथ प्रदेश में नंबर-1, किसानों को ब्याज में बड़ी राहत
मुजफ्फरनगर। जिला सहकारी बैंक लिमिटेड मुजफ्फरनगर ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में नेट प्रॉफिट के मामले में प्रथम स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है। बैंक की इस उपलब्धि से न सिर्फ संस्थान बल्कि जिले भर के खाताधारकों और किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई है। बैंक के मैनेजर ने सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि यह सफलता प्रबंध समिति के पदाधिकारियों और सभी सदस्यों की कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पिछले वित्तीय वर्ष में जहां बैंक ने 20 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट अर्जित किया था, वहीं इस वर्ष यह आंकड़ा बढ़कर 31 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि बैंक अब किसानों के हित में नई योजनाएं लाने की तैयारी कर रहा है, जिससे किसानों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकेगी। सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) पर ब्याज दर को 7 प्रतिशत से घटाकर मात्र 3 प्रतिशत कर दिया गया है, जिससे किसानों की जेब पर पड़ने वाला बोझ काफी हद तक कम होगा। इसके अलावा वर्तमान में जिले में बैंक के केवल 7 एटीएम संचालित हैं, लेकिन आने वाले समय में इनकी संख्या बढ़ाने की योजना बनाई जा रही है, ताकि ग्राहकों विशेषकर किसानों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं मिल सकें। बैंक प्रबंधन ने भरोसा जताया कि आने वाले समय में भी इसी तरह प्रगति जारी रहेगी और किसानों व ग्राहकों को और बेहतर सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
