हिंसा प्रभावित मणिपुर के जिरीबाम जिले में एक राहत शिविर में रह रहा 13 वर्षीय एक छात्र रविवार को साइकिल पार्किंग शेड की छत से लटका हुआ पाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि युरेम्बम अंगम्बा सिंह का शव जिरीबाम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के साइकिल पार्किंग शेड से बरामद किया गया, जहां हिंसा के कारण आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों के लिए राहत शिविर बनाया गया है। सिंह जिले के बोरोबेकरा उप-मंडल के लामताई खुनोउ क्षेत्र का निवासी था।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि लड़के ने रविवार दोपहर आत्महत्या कर ली। उसे पहले जिरीबाम जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। नाबालिग के शव को पोस्टमार्टम के लिए असम के कछार जिले के सिलचर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।

उन्होंने बताया कि जिरीबाम पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। अधिकारी ने बताया कि जिले में मेइती और कुकी समुदायों के बीच जातीय संघर्ष शुरू होने के बाद से नाबालिग अपने परिवार के साथ राहत शिविर में रह रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights