पटना जिले के मनेर थाना अंतर्गत ब्यापुर गांव में शुक्रवार की देर रात खूनी संघर्ष की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बिहार सरकार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव के समधी राजेंद्र सिंह के आवास पर दो पक्षों के बीच जमकर गोलीबारी, तलवारबाजी और पत्थरबाजी हुई। इस हिंसक झड़प में मंत्री के रिश्तेदार सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। करीब 15 राउंड हुई फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है।

जमीनी विवाद में रणक्षेत्र बना ब्यापुर 

मिली जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 9 बजे की है। बताया जा रहा है कि दो ‘गोतिया’ (पटीदारों) के बीच लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा था। शुक्रवार की रात यह विवाद इतना उग्र हो गया कि दोनों पक्ष हथियारों के साथ आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई और गोलियां चलने लगीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने करीब 15 राउंड फायरिंग की और तलवारों व लाठी-डंडों से हमला किया।

घटना में तीन लोग घायल, दो की हालत नाजुक 

इस हिंसक झड़प में राजेंद्र सिंह के पुत्र पप्पू, स्वर्गीय भूपेंद्र सिंह के पुत्र मनीष उर्फ गुड्डू और नितीश उर्फ बबलू घायल हुए हैं। मनीष और नितीश को बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स (AIIMS) में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। घायल पप्पू को दानापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिन्हें इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।

परिजनों का गंभीर आरोप  

पीड़ित पक्ष ने मुकेश, स्वर्गीय सतेंद्र के बेटे दीपक और प्रिंस सहित अन्य लोगों पर योजनाबद्ध तरीके से हमला करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग और रोड़ेबाजी की। घटना की सूचना मिलते ही मनेर थानाध्यक्ष रजनीश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी आरोपी फरार होने में सफल रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights