नारी शक्ति की हुंकार से गूंजा खतौली, छात्राओं ने निकाली जागरूकता पदयात्रा
खतौली। विद्योत्तमा कन्या महाविद्यालय में नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के प्रचार-प्रसार को लेकर एनएसएस की स्वयंसेविकाओं एवं छात्राओं द्वारा एक भव्य व जोशपूर्ण पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा वातावरण महिला सशक्तिकरण के नारों से गूंज उठा और कस्बेवासियों को एक सशक्त संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रबंधक संजीव कुमार शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया। पदयात्रा महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर आसपास के क्षेत्रों में निकाली गई, जिसमें छात्राओं ने नारी शक्ति, देश की शक्ति, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसे प्रेरणादायक नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. कविता वर्मा ने इस अवसर पर कहा कि महिलाओं का सशक्त होना समाज और राष्ट्र की प्रगति के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा और आत्मनिर्भरता के महत्व पर जोर देते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
वहीं एनएसएस अधिकारी सुलक्षणा आर्य ने कहा कि महिलाओं को सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में समान भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि शिक्षा और कौशल विकास ही महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। इस जागरूकता अभियान में प्रियंका, कोमल, रोहित राठी, संजीव कुमार, उमा, अनिकेत, विमल और कमलेश सहित कई छात्र-छात्राओं का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights