*अभी नहीं बनवाया लाइसेंस तो अगले वर्ष लगेगी दोगुणी पेनल्टी*
सहारनपुर। नगर निगम द्वारा आईएमए भवन हकीकत नगर में एक विशेष शिविर लगाकर नर्सिंग होम व चिकित्सकों के वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 के व्यवसायिक लाइसेंस बनाये जायेंगे। शिविर में लाइसेंस नवीनीकरण के अलावा नये लाइसेंस भी बनाये जायेंगे। नगरायुक्त के निर्देश पर शिविर के लिए पांच कर्मचारियों की एक विशेष टीम बनायी गयी है।
कर अधीक्षक (लाइसेंस) सुधीर शर्मा ने बताया कि आईएमए अध्यक्ष डॉ. प्रवीण शर्मा ने महापौर डॉ. अजय कुमार को एक पत्र भेजकर लाइसेंस बाईलाज हेतु एक कैंप लगाने का अनुरोध किया था। जिस पर महापौर डॉ. अजय कुमार एवं नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देशों के अनुपालन में नगर निगम द्वारा आईएमए भवन में 06 फरवरी और 07 फरवरी को दो दिवसीय लाइसेंस शिविर लगाया जायेगा। उन्होंने सभी नर्सिंग होम संचालक व चिकित्सा से सम्बंधित क्लिीनिक चलाने वाले अन्य चिकित्सकों से अपने पुराने लाइसेंस शुल्क की रसीद भी साथ लाने का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि जिन लोगों को नया रजिस्ट्रेशन कराना है उन्हें अपना आधार कार्ड, सीएमओ द्वारा जारी रजिस्टेªशन की प्रति और पासपोर्ट साइज का फोटो भी साथ लाना होगा।
कर अधीक्षक लाइसेंस सुधीर शर्मा ने अन्य व्यवसायियों, होटल, ढाबा, बेकरी, मेडिकल स्टोर, स्कूल-कॉलेज आदि संचालकों व अन्य खाद्य पदार्थो के दुकान स्वामियों से भी अपना लाइसेंस शुल्क जमा करने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि यदि इस वित्तीय वर्ष में लाइसेंस शुल्क जमा नहीं किया गया तो आगामी वित्तीय वर्ष में दोगुणी पेनल्टी के साथ जमा किया जायेगा। उन्होंने बताया कि अभी 58 शराब कारोबारियों द्वारा ही लाइसेंस बनवाया गया है, आठ शराब कारोबारियों ने अभी व्यवसायिक शुल्क जमा नहीं कराया गया है। उन्होंने बताया कि यदि उक्त शराब कारोबारियों ने दो दिन के भीतर शुल्क जमा नहीं कराया तो उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights