मनीष अग्रवाल

सहारनपुर। थाना तीतरों क्षेत्र के ग्राम माधोपुर में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी रोहित उर्फ बुद्धू को नानौता-तीतरों मार्ग से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, साक्ष्य संकलन और विवेचना के दौरान आरोपी का नाम प्रकाश में आया था। एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि , 29 अक्टूबर 2026 को ग्राम माधोपुर में एक महिला अपने घर में मृत अवस्था में पड़ी मिली थी। सूचना मिलते ही थाना तीतरों पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। फील्ड यूनिट की मदद से घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए। इसके बाद शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था। इस मामले में गांव निवासी रामफल पुत्र बृजपाल की लिखित तहरीर के आधार पर थाना तीतरों में मुकदमा अपराध संख्या 146/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। महिला की हत्या की घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी सहारनपुर अभिनन्दन ने पुलिस अधिकारियों को जल्द खुलासा करने और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी गंगोह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष तीतरों सचिन पूनिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच तेज की। इसी क्रम में 6 नवंबर को पुलिस ने आरोपी रोहित उर्फ बुद्धू पुत्र मांगेराम निवासी ग्राम माधोपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष सचिन पूनिया, उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल सचिन लाकड़ा, कांस्टेबल अंकित मान और अभिषेक खोखर शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights