मुजफ्फरनगर। तितावी थाना क्षेत्र के जागाहेड़ी टोल पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें ई-रिक्शा के पलटने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा जागाहेड़ी टोल के पास से गुजर रहा था, तभी अचानक सड़क पर पड़े पत्थर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सवार गजे पुत्र तारा निवासी गांव अलमासपुर, थाना नई मंडी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, ई-रिक्शा चालक को भी चोटें आई हैं, हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही तितावी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों की गहनता से पड़ताल की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने सड़क पर पड़े पत्थरों को हादसे की बड़ी वजह बताते हुए प्रशासन से सफाई और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights