गेहूं और सरसों की फसल को भारी नुकसान की आशंका, किसानों के चेहरों पर छाया मायूसी का साया
मुजफ्फरनगर। जनपद और आसपास के क्षेत्रों में अचानक हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में लहलहा रही गेहूं और सरसों की फसल पर आसमान से बरसे ओलों ने ऐसा कहर ढाया कि किसानों के चेहरे एक पल में खिलखिलाहट से मायूसी में बदल गए। कई गांवों में खेत सफेद चादर से ढके नजर आए, लेकिन यह दृश्य किसानों के लिए किसी आपदा से कम नहीं था। बताया जा रहा है कि इस समय गेहूं की फसल पककर कटाई के लिए तैयार खड़ी थी, और कुछ कटी हुई खेत में पड़ी हैं, वहीं सरसों की फसल भी अंतिम चरण में थी। ऐसे में ओलावृष्टि ने सीधे फसलों को निशाना बनाया, जिससे बालियां टूटकर जमीन पर गिर गईं और दानों को भारी नुकसान पहुंचा। किसानों का कहना है कि यदि मौसम जल्द नहीं सुधरा तो उत्पादन में भारी गिरावट आ सकती है। किसानों का कहना है कि उन्होंने पूरे साल कड़ी मेहनत कर फसल तैयार की थी, लेकिन कुछ ही मिनटों की ओलावृष्टि ने उनकी उम्मीदों को चकनाचूर कर दिया। कई किसानों ने कर्ज लेकर खेती की थी, ऐसे में नुकसान की भरपाई करना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है। ग्रामीण इलाकों में खेतों का जायजा लेने पर साफ दिख रहा है कि गेहूं की फसल जमीन पर बिछ चुकी है और सरसों की फलियां झड़ने लगी हैं।
