नीरज प्रजापति

चौ. छोटूराम इंटर कॉलेज केंद्र पर योग उत्सव में उमड़ा साधकों का सैलाब, विभिन्न केंद्रों से पहुंचे सैकड़ों साधक-साधिकाएं।

मुजफ्फरनगर। भारतीय योग संस्थान के 60वें स्थापना दिवस को योग उत्सव के रूप में चौ. छोटूराम इंटर कॉलेज केंद्र पर उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विभिन्न योग केंद्रों से पहुंचे सैकड़ों साधक-साधिकाओं ने भाग लेकर योग के माध्यम से स्वस्थ समाज निर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान योगाभ्यास के साथ-साथ साधकों को नियमित दिनचर्या, सेवा, संयम और निष्काम कर्म के लिए प्रेरित किया गया। योग उत्सव का शुभारंभ केंद्र प्रमुख ज्योति वर्मा ने ओम ध्वनि, गायत्री मंत्र के उच्चारण तथा सूक्ष्म क्रियाओं के साथ कराया। जिला महामंत्री यज्ञदत्त आर्य ने मंच संचालन करते हुए विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया। कार्यक्रम में मेरुआकर्षणासन और शवासन सहित अनेक आसनों के माध्यम से साधकों को योग की उपयोगिता समझाई गई। मुख्य वक्ता जिला प्रधान राज सिंह पुंडीर ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि व्यवस्थित जीवन जीने की पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से शरीर की विभिन्न प्रणालियों को सक्रिय रखने में सहायता मिलती है तथा व्यक्ति अपनी दिनचर्या को अनुशासित बना सकता है। उन्होंने कहा कि योग और प्राणायाम के माध्यम से शरीर को स्वस्थ रखने के साथ मानसिक एकाग्रता और सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि भारतीय योग संस्थान द्वारा निशुल्क योग साधना केंद्र संचालित कर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। योग से जुड़ा व्यक्ति स्वयं स्वस्थ रहने के साथ दूसरों को भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की जिम्मेदारी महसूस करता है। उन्होंने सभी साधकों और उपस्थित पदाधिकारियों से आह्वान किया कि योग का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करते हुए समाज को स्वस्थ और अनुशासित बनाने में योगदान दें तथा निष्काम भाव से सेवा कार्य करें। कार्यक्रम में जिला संगठन मंत्री डॉ. अमित ने वक्रासन और वज्रासन, केंद्र प्रमुख राजेश शर्मा ने ताड़ासन एवं अर्धचक्रासन, क्षेत्रीय मंत्री रणवीर ने शीतलासन और लुढ़कना सर्पासन का अभ्यास कराया। संयुक्त मंत्री रविंदु बालियान ने हास्यासन कराया। आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. सहदेव आर्य ने साधकों को अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम कराया। आर्य एकेडमी केंद्र के संरक्षक सहदेव आर्य ने ध्यान कराया। कार्यक्रम को आध्यात्मिक रंग देते हुए आचार्य समकिशन ने प्रेरणादायक भजन प्रस्तुत किया। ऊषा और महकवती ने योग से संबंधित भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर राजेंद्र, जय प्रकाश राणा, चंद्रवीर, मंजू त्यागी, डॉ. वीर सिंह रोहल सहित बड़ी संख्या में साधक-साधिकाएं मौजूद रहे। योग उत्सव के माध्यम से भारतीय योग संस्थान ने स्थापना दिवस को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए स्वस्थ जीवन, अनुशासित दिनचर्या, सेवा भावना और समाज में योग के व्यापक प्रसार का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights