स्व-गणना में लापरवाही पर प्रशासन सख्त, अधिकारियों और कर्मचारियों की शत-प्रतिशत भागीदारी के निर्देश, विभागाध्यक्षों को सौंपी जिम्मेदारी, जनपद की गिरती रैंकिंग सुधारने पर जोर।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। जनगणना-2027 के तहत चल रहे स्व-गणना अभियान को गति देने के लिए जिला प्रशासन ने अब पूरी ताकत झोंकने की तैयारी कर ली है। जनपद में स्व-गणना की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप बनाए रखने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि राष्ट्रीय महत्व के इस अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब प्रत्येक विभाग को अपने कर्मचारियों की स्व-गणना सुनिश्चित कराने के साथ अभियान की प्रगति पर भी नजर रखनी होगी। जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित स्व-गणना अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से अब तक किए गए प्रयासों और उपलब्धियों की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि सरकारी मशीनरी की सक्रियता केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसका असर धरातल पर भी दिखाई देना चाहिए। समीक्षा के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) द्वारा अपने विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की स्व-गणना सुनिश्चित कराने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की गई। जिलाधिकारी ने अन्य विभागों को भी इसी कार्यशैली को अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब सरकारी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी स्वयं इस अभियान में भागीदारी करेंगे, तभी आम जनता को भी इसके प्रति जागरूक और प्रेरित किया जा सकेगा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पहले स्वयं अपनी स्व-गणना पूरी करें और इसके बाद अधीनस्थ कर्मचारियों तथा उनके परिवारों को भी इस प्रक्रिया से जोड़ें। साथ ही विभागीय स्तर पर नियमित फीडबैक लेकर यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी कर्मचारी इस महत्वपूर्ण अभियान से वंचित न रहे।
समीक्षा के दौरान उन विभागों और अधिकारियों के प्रयासों पर भी जानकारी ली गई, जिनका योगदान अपेक्षाकृत कम है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिम्मेदारी से बचने या उदासीनता दिखाने का रवैया स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य मुजफ्फरनगर में स्व-गणना अभियान को अधिकतम सफलता दिलाना और जनपद की रैंकिंग में सुधार करना है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विभागीय अधिकारी इन निर्देशों को कितनी गंभीरता से अमल में लाते हैं और जनगणना के इस राष्ट्रीय अभियान को कितनी मजबूती से आगे बढ़ाते हैं।
