सेल्फी प्वाइंट के जरिए प्रशासन ने छेड़ी जागरूकता की मुहिम, सही आंकड़ों को विकास योजनाओं की मजबूत नींव बताया।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। जनगणना-2027 को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अब जागरूकता अभियान को नई गति देनी शुरू कर दी है। प्रशासन का उद्देश्य जनगणना को केवल आंकड़े जुटाने की सरकारी प्रक्रिया तक सीमित रखने के बजाय इसे प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और देश के भविष्य से जोड़ना है। इसी कड़ी में जनपद में विशेष सेल्फी प्वाइंट स्थापित कर लोगों को इस राष्ट्रीय अभियान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने सेल्फी प्वाइंट पर पहुंचकर नागरिकों को जनगणना का महत्व समझाया और अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी देश की विकास योजनाओं की सफलता उसके पास उपलब्ध सटीक आंकड़ों पर निर्भर करती है। जनगणना से मिलने वाली जानकारी के आधार पर ही सरकार को यह समझने में मदद मिलती है कि किस क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, बुनियादी सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की कितनी आवश्यकता है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति द्वारा उपलब्ध कराई गई सही जानकारी देश की विकास प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। प्रशासन की इस पहल में सेल्फी प्वाइंट को जागरूकता का आकर्षक माध्यम बनाया गया है। यहां ‘मेरी गणना-मेरा अधिकार-मेरा भविष्य’ और ‘गिनती से बढ़ेगा विकास’ जैसे संदेशों के जरिए आमजन को जनगणना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों के बीच जनगणना को लेकर जागरूकता बढ़ाना और इसे जनभागीदारी का अभियान बनाना है। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि जनगणना-2027 में पूरी जिम्मेदारी के साथ सहभागिता करें तथा मांगी गई जानकारी सही और स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराएं। प्रशासन का मानना है कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही जनगणना के आंकड़े अधिक विश्वसनीय बनेंगे और विकास की योजनाओं को सही दिशा मिल सकेगी।
