person-with-10000-bounty-arrested

गोरखपुर, 01 अक्टूबर । नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी कर लाखों रुपये हड़पने के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को शाहपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर पीड़ित से 2 लाख 61 हजार 850 रुपये ले लिए और इसके एवज में फर्जी नियुक्ति पत्र भी उपलब्ध कराया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, अपराधों पर अंकुश लगाने एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक शाहपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान थाना शाहपुर में दर्ज मु0अ0सं0 93/2022, धारा 419, 420, 467, 468, 471 एवं 406 भादवि से संबंधित वांछित अभियुक्त सुरेश कुमार चौहान पुत्र इंदर चौहान को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, वादी ने थाना शाहपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अभियुक्त ने उसके पुत्र को नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाकर उससे 2,61,850 रुपये ले लिए। इसके बाद नौकरी के संबंध में फर्जी नियुक्ति पत्र दे दिया गया। जब पीड़ित को नियुक्ति पत्र के फर्जी होने की जानकारी हुई तो उसने पुलिस से शिकायत की। तहरीर के आधार पर शाहपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त की तलाश शुरू की गई थी।

मामले में लंबे समय से फरार चल रहे सुरेश कुमार चौहान पर पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सुरेश कुमार चौहान पुत्र इंदर चौहान, निवासी मटेही, थाना मोतीपुर, जनपद बहराइच के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसका वर्तमान पता डोंगरगांव, लोनावला, थाना लोनावला ग्रामीण, जनपद पुणे, महाराष्ट्र बताया गया है। पुलिस ने कार्रवाई के बाद आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

अभियुक्त की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अंजय कुमार सिंह, महिला उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी मोहनापुर प्रिंयका यादव, कांस्टेबल रविन्द्र यादव तथा कांस्टेबल सुभाष चन्द्र यादव शामिल रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights