मुज़फ्फरनगर | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बुधवार को लखनऊ स्थित लोकभवन से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण मुज़फ्फरनगर के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई कॉलेज), सूजडू चुंगी के सभागार में किया गया, जहां जिले के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, मीरापुर विधायक मिथलेश पाल, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, जिला पूर्ति अधिकारी तथा गैस कंपनी के विक्रय अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान उज्ज्वला योजना की 20 महिला लाभार्थियों वीरमति, सोनिया, राजेन्द्री, बिमला, असगरी, मुनिसा आदि को प्रतीकात्मक रूप से सब्सिडी के चेक प्रदान किए गए।जनपद मुज़फ्फरनगर में वर्तमान में 2,47,646 उज्ज्वला लाभार्थी हैं।

जिन लाभार्थियों की ई-केवाईसी पूर्ण हो चुकी है, उन्हें प्रत्येक रिफिल पर ₹564 की सब्सिडी राज्य सरकार की ओर से सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। अधिकारियों ने सभी पात्र लाभार्थियों से अपील की कि वे शीघ्र अपनी ई-केवाईसी पूरी कराकर योजना का लाभ प्राप्त करें।कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने उपस्थित लाभार्थियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights