शामली। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल (पंजी.) पश्चिम उत्तर प्रदेश की कार्यकारिणी बैठक का आयोजन राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल, प्रदेश अध्यक्ष रिपन कंसल एवं प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय मित्तल के नेतृत्व में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। बैठक में पश्चिम उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक के दौरान संगठन के विस्तार, व्यापारियों की वर्तमान समस्याओं, उनके अधिकारों की रक्षा तथा संगठन को जमीनी स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान संगठन द्वारा फरवरी 2026 में सहारनपुर मंडल अध्यक्ष पद पर घोषित किए गए अंकित जैन का राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल, प्रदेश अध्यक्ष रिपन कंसल एवं प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय मित्तल द्वारा पुष्पमाला पहनाकर एवं विधिवत मनोनयन पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। संगठन के शीर्ष नेतृत्व ने अंकित जैन के संगठन के प्रति समर्पण, सक्रिय कार्यशैली एवं व्यापारियों के हितों के लिए निरंतर किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने कहा कि संगठन का उद्देश्य प्रत्येक व्यापारी को एक मजबूत मंच प्रदान करना है, जहां उसकी समस्याओं का प्रभावी समाधान हो सके तथा उसके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने एवं व्यापारियों को अधिक से अधिक संख्या में संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।
सम्मान प्राप्त करने के उपरांत सहारनपुर मंडल अध्यक्ष अंकित जैन ने राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्य मंत्री संदीप बंसल, प्रदेश अध्यक्ष रिपन कंसल, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय मित्तल सहित संगठन के समस्त शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए अत्यंत सम्मान, गर्व और उत्तरदायित्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक संगठनात्मक पद नहीं, बल्कि लाखों व्यापारियों की सेवा, उनके सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा का संकल्प है।
अंकित जैन ने कहा कि सहारनपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी जनपदों में संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाया जाएगा। प्रत्येक जिले, तहसील एवं नगर स्तर पर संगठन का विस्तार करते हुए अधिक से अधिक व्यापारियों को संगठन से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज आज अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है और संगठन प्रत्येक व्यापारी के सुख-दुख में उसके साथ खड़ा रहेगा।
उन्होंने आगे कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को शासन एवं प्रशासन के समक्ष पूरी मजबूती के साथ उठाया जाएगा तथा उनके हितों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर संगठन प्रभावी भूमिका निभाएगा। व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि संगठन द्वारा उन पर व्यक्त किए गए विश्वास पर वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
बैठक के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने भी संगठन की मजबूती, व्यापारी एकता तथा व्यापारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पश्चिम उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से संगठन के पदाधिकारी एवं व्यापारी प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। विशेष रूप से शामली प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सचिन गोयल, जिलाध्यक्ष राजकुमार वर्मा, जिला महामंत्री शशांक वर्मा, विनीत कर्णवाल सहित अनेक पदाधिकारियों ने सहभागिता कर संगठन की मजबूती एवं व्यापारियों के हितों के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया
बैठक का समापन संगठन की एकता, व्यापारी हितों की रक्षा एवं संगठन के विस्तार के संकल्प के साथ हुआ।
