हमीरपुर, 24 अक्टूबर । विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों तथा पहली बार बनने वाले युवाओं के नाम सम्मिलित करने के उद्देश्य से 24 अक्टूबर, शनिवार को प्रदेश के समस्त मतदेय स्थलों पर मतदाता पंजीकरण के लिए विशेष अभियान आयोजित किया गया। मतदाता पंजीकरण कार्य को प्रभावी एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अशोक कुमार ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार की उपस्थिति में मतदाता पंजीकरण केंद्रों का निरीक्षण किया। लापरवाही बरतने जिलाधिकारी ने तहसीलदार का वेतन रोकने और एसडीएम सदर से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए है। इस कार्रवाई से अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
जिलाधिकारी ने शनिवार को शाम बताया कि 17 अक्टूबर को तहसीलदार सदर को मतदाता पंजीकरण अभियान के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए थे। इन निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित न किए जाने को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तहसीलदार सदर का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही निर्धारित की जाएगी। अभियान के अंतर्गत पर्यवेक्षण कार्य में शिथिलता पाए जाने पर उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण प्राप्त करने के सख्त निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि संबंधित अधिकारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें, अन्यथा की स्थिति में उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
