हरिद्वार, 24 अक्टूबर । सिडकुल कोतवाली पुलिस ने 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान आदर्श यादव के रूप में हुई है। मामले में किशोरी के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर को नेहरू कॉलोनी सिडकुल निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली में शिकायत देकर बताया कि उसकी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ आदर्श यादव ने दुष्कर्म किया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में विभिन्न स्थानों पर दबिश दी।
पुलिस का कहना है कि दबिश के बाद बने दबाव के बीच आरोपी 24 अक्टूबर को स्वयं थाने पहुंच गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोप स्वीकार किए। इसके बाद विवेचक ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया। पुलिस मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी आदर्श यादव पुत्र दशरथ सिंह यादव, मूल निवासी ग्राम जलालपुर, पोस्ट माहपुर, थाना सैदपुर, जिला गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) है। वह वर्तमान में नेहरू कॉलोनी, सिडकुल में रह रहा था।
