निर्माना में लाइनमैन ऋषिपाल की करंट से दर्दनाक मौत, परिजनों ने SSO पर लगाए गंभीर आरोप।

पीयूष शर्मा 

शाहपुर। शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव निर्माना में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं। विद्युत लाइनमैन ऋषिपाल की विद्युत लाइन पर कार्य करने के दौरान करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतक के घर पर चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि ऋषिपाल अपने पीछे पांच मासूम बच्चों को छोड़ गए, जिनके सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया।
जानकारी के अनुसार, लाइनमैन ऋषिपाल विद्युत लाइन पर कार्य करने से पहले नियमानुसार सटडाउन लेकर मरम्मत का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक लाइन में विद्युत आपूर्ति शुरू हो गई, जिससे उन्हें जोरदार करंट लगा और वह गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि जब विधिवत सटडाउन लिया जा चुका था, तो आखिर किसकी अनुमति से लाइन चालू कर दी गई। उन्होंने बिजलीघर पर तैनात एसएसओ (SSO) पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। उनका कहना था कि यदि विद्युत विभाग के कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाते, तो आज ऋषिपाल जीवित होते और उनके पांच मासूम बच्चे अनाथ होने से बच जाते।
सूचना मिलते ही शाहपुर थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को शांत कराने और स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights