नीरज प्रजापति
गाजियाबाद में फंदे पर मिला था विवाहिता का शव, पति पहले ही पुलिस हिरासत में; सास, ससुर, ननद और बिचौलिए की गिरफ्तारी की मांग को लेकर करीब दो घंटे चला हंगामा।
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के हनुमान चौक के निकट घेर कालेराय निवासी सुशील तायल की बेटी प्राची तायल की गाजियाबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद बुधवार देर शाम मामला गरमा गया। गाजियाबाद से पोस्टमार्टम के बाद परिजन विवाहिता का शव लेकर नई मंडी थाना क्षेत्र में स्थित ससुराल पहुंचे और मकान के बाहर शव रखकर जमकर हंगामा किया। परिजनों ने सास, ससुर, ननद और शादी के बिचौलिए की गिरफ्तारी की मांग करते हुए नारेबाजी की। सूचना पर नई मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर शांत कराया। करीब दो घंटे चले हंगामे के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर चले गए।
फंदे पर लटका मिला था विवाहिता का शव
बताया गया कि प्राची तायल की शादी 23 नवंबर 2025 को दक्षिणी भोपा रोड निवासी हार्दिक तायल के साथ हुई थी। शादी के बाद हार्दिक पत्नी प्राची के साथ गाजियाबाद के वेब सिटी थाना क्षेत्र में स्थित मकान में रह रहा था। मंगलवार को प्राची का शव मकान में फंदे पर लटका मिला था। घटना की सूचना मिलने के बाद गाजियाबाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
मायके पक्ष ने लगाया अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप
प्राची की मां अंजू तायल की ओर से गाजियाबाद के वेब सिटी थाने में पति हार्दिक, सास रजनी, ससुर मदन गोपाल, ननद और बिचौलिए समेत अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। शिकायत में मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोग प्राची को अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे। परिजनों ने विवाहिता की मौत को लेकर ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
ननद की शादी से पहले घर आई थी प्राची
परिजनों के मुताबिक प्राची कुछ दिन पहले ससुराल आई थी। बताया गया कि उसकी ननद की शादी 20 नवंबर को प्रस्तावित है। इसी दौरान किसी बात को लेकर प्राची का ससुराल पक्ष से विवाद होने की बात सामने आई है। परिजनों का आरोप है कि विवाद के बाद उसका पति रविवार को उसे लेकर वापस गाजियाबाद चला गया था। इसके बाद मंगलवार को गाजियाबाद स्थित मकान में प्राची का शव फंदे पर मिला।
पति को गाजियाबाद पुलिस ने किया गिरफ्तार
मामले में वेब सिटी थाना पुलिस ने प्राची के पति हार्दिक को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद जब प्राची का शव मुजफ्फरनगर लाया गया तो मायके पक्ष के लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। परिजन शव को लेकर नई मंडी क्षेत्र में पोद्दार जंबो किड्स स्कूल के निकट स्थित ससुराल के मकान के बाहर पहुंच गए।
शव रखकर सास-ससुर और ननद की गिरफ्तारी की मांग
परिजनों ने ससुराल के बाहर शव रख दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। परिजन सास, ससुर, ननद और बिचौलिए की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान पुलिस के खिलाफ भी नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री से न्याय दिलाने की मांग करते हुए भी नारे लगाए।
नई मंडी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मामला

हंगामे की सूचना मिलते ही नई मंडी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे परिजनों और लोगों को समझाने का प्रयास किया। नई मंडी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्रा ने परिजनों से बातचीत की और उन्हें शांत कराया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच गाजियाबाद पुलिस द्वारा की जा रही है और इस संबंध में गाजियाबाद पुलिस से बातचीत की जाएगी।
करीब दो घंटे बाद अंतिम संस्कार के लिए ले गए शव
ससुराल के बाहर करीब दो घंटे तक हंगामा और नारेबाजी का दौर चलता रहा। पुलिस अधिकारियों द्वारा समझाने और कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद परिजन शांत हुए। इसके बाद वे विवाहिता के शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर चले गए।

प्राची की मौत के मामले में गाजियाबाद पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मायके पक्ष द्वारा नामजद किए गए अन्य लोगों की भूमिका और लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
