minister-ak-sharma-financial-h

मऊ, 01 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के मऊ के डोमनपुरा (इस्लामाबाद) मोहल्ले में शादी समारोह के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर तीन लोगों की मौत के बाद बुधवार देर रात ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना जताई और अपनी ओर से प्रत्येक परिवार को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी।

28 सितंबर को घर की छत पर शादी समारोह के लिए टेंट लगाया जा रहा था। इसी दौरान हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में दूल्हे का भाई और टेंट लगाने वाले दो कर्मचारी शामिल थे।

मंत्री ने परिजनों की आर्थिक स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन परिवारों के पास अपना मकान नहीं है, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) का लाभ दिलाया जाए। पात्र परिजनों को वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, आयुष्मान कार्ड समेत अन्य सरकारी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश भी दिए।

मंत्री ने कहा कि इस तरह के हादसों में सरकारी मुआवजे का कोई निर्धारित प्रावधान नहीं है, लेकिन पीड़ित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। परिस्थितियों के अनुसार जो भी मदद संभव होगी, उपलब्ध कराई जाएगी।

हादसे के बाद भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मंत्री ने बिजली विभाग के अधिकारियों को हाईटेंशन लाइन पर तत्काल गार्डिंग लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि संबंधित बिजली लाइन आवासीय परिसर बनने से काफी पहले से संचालित थी और बाद में लोगों ने वहां मकान बनाए। ऐसे में सुरक्षा उपायों को मजबूत किया जाना जरूरी है।

मंत्री ने बताया कि गार्डिंग के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है और सामग्री मिलते ही सुरक्षा कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष से भी पीड़ित परिवारों की अपने स्तर से आर्थिक सहायता करने की अपील की।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights