बच्चों, शिक्षकों और होमगार्ड विभाग की सहभागिता से सैकड़ों पौधों का रोपण, मां और प्रकृति के सम्मान का दिया संदेश
मुजफ्फरनगर। प्रधानमंत्री की प्रेरणा से भारत सरकार द्वारा संचालित राष्ट्रव्यापी ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत रविवार को सिखेड़ा स्थित वेदांता पब्लिक स्कूल परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान में विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों और होमगार्ड विभाग के अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का अनूठा संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ पौधारोपण कर पौधों की देखभाल का संकल्प लिया। विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई और सभी को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया।
वृक्षारोपण अभियान में होमगार्ड विभाग की ओर से के.एस. बिष्ट (एडीसी), कंपनी कमांडर मनोज कुमार मचल, प्लाटून कमांडर फारूक तोमर, मनोज कुमार, भीम सिंह, रामनाथ राजा, हरेंद्र कुमार तथा मोहम्मद अरशद सहित अन्य कार्मिकों ने पौधे लगाकर अभियान को मजबूती प्रदान की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य विवेक चौधरी और प्रबंधक सुशील कुमार सिंह आर्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि अपनी मां के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां की स्मृति और सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी देखभाल भी करनी चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हराभरा वातावरण मिल सके।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया। कहा कि एक पौधा भविष्य की अनेक पीढ़ियों के लिए जीवनदायिनी विरासत बन सकता है। यदि हर व्यक्ति अपनी मां के नाम एक पेड़ लगाए, तो देश में हरियाली बढ़ेगी, पर्यावरण संतुलित होगा और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से लड़ने में भी बड़ी मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को वृक्षों के महत्व, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और जैव विविधता के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने पौधों की नियमित देखभाल करने और अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
विद्यालय परिसर पूरे कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के नारों और हरियाली के संदेश से गूंजता रहा। पौधारोपण के बाद सभी प्रतिभागियों ने प्रकृति संरक्षण की सामूहिक शपथ ली और इसे जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में वेदांता पब्लिक स्कूल के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा पूरे वेदांता परिवार का सक्रिय सहयोग रहा।
