yogi-adityanath-mother-death

यमकेश्वर (पौड़ी गढ़वाल), 20 नवंबर । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार शाम मां सावित्री देवी के निधन की सूचना मिलने के बाद अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे। शाम करीब पांच बजे पैतृक आवास पहुंचकर उन्होंने मां के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान वह भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गईं।

मुख्यमंत्री योगी कुछ देर तक मां के पार्थिव शरीर के सामने मौन खड़े रहे। उन्हें भावुक देखकर वहां मौजूद परिजन और ग्रामीण भी अपने आंसू नहीं रोक सके। मां के निधन से पूरे पंचूर गांव में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में रिश्तेदार और ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे करीब 89 वर्ष की आयु में पंचूर स्थित पैतृक आवास पर निधन हो गया था। वह पिछले काफी समय से अस्वस्थ थीं। परिजनों के अनुसार,पिछले तीन वर्षों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। इस दौरान उन्हें एम्स ऋषिकेश और जौलीग्रांट अस्पताल में भी उपचार के लिए ले जाया गया था। दोनों अवसरों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां से मिलने अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने इस वर्ष सात मई को भी पंचूर पहुंचकर मां का हालचाल जाना था।

परिजनों के अनुसार,सावित्री देवी के पार्थिव शरीर को शनिवार सुबह करीब सात बजे सड़क मार्ग से हरिद्वार ले जाया जाएगा,जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि सावित्री देवी सरल और मिलनसार स्वभाव की थीं। उनके परिवार में चार बेटे और तीन बेटियां हैं। बेटों में सबसे बड़े मानेंद्र सिंह बिष्ट, दूसरे नंबर योगी आदित्यनाथ, तीसरे नंबर पर शैलेंद्र मोहन बिष्ट एवं सबसे छोटे महेंद्र सिंह बिष्ट हैं। तीन बहनों में बड़ी बेटी पुष्पा देवी,दूसरी कौशल्या देवी एवं तीसरी बेटी शशि देवी हैं।

वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए बाबा केदारनाथ से प्रार्थना की। धामी ने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममत्व जीवन की सबसे अनमोल धरोहर हैं। उन्होंने शोकाकुल योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

इधर, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोकाकुल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। जोशी ने अपने दो दिवसीय कुमाऊं दौरे के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए और पंतनगर से देहरादून पहुंच गए। वह शनिवार को हरिद्वार में होने वाले अंतिम संस्कार में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights