jh-mili-latwal-almora-dcb-chairperson-bhavna-joshi

अल्मोड़ा, 26 सितंबर । अल्मोड़ा जिला सहकारी बैंक (डीसीबी) के अध्यक्ष पद पर मिली लटवाल निर्विरोध निर्वाचित हुईं,जबकि भावना जोशी को उपाध्यक्ष चुना गया। सहकारिता चुनावों के तहत प्रदेश के सभी 10 जिला सहकारी बैंकों में अध्यक्ष,उपाध्यक्ष और निदेशक पदों पर निर्विरोध बोर्ड का गठन हुआ है।

सहकारिता मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और चयनित प्रतिनिधियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सभी डीसीबी में निर्विरोध निर्वाचन सहकारिता क्षेत्र में आपसी समन्वय और संगठनात्मक एकजुटता को दर्शाता है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से सहकारी संस्थाओं को पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाने और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

मंत्री ने कहा कि सहकारिता क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए पहली बार 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में महिला भागीदारी और सशक्तीकरण को बढ़ावा मिलेगा।

अल्मोड़ा डीसीबी अध्यक्ष पद महिला आरक्षण के तहत भरा गया। सहकारी संस्थाओं के चुनाव में पहली बार महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया है। प्रदेश के 10 जिला सहकारी बैंकों में तीन अध्यक्ष पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।

उत्तराखंड राज्य सहकारी बैंक के सामान्य निकाय के गठन के लिए अल्मोड़ा से नरेंद्र राम,विमला देवी, महेश चंद्र सिंह और ललित मोहन सिंह लटवाल को प्रतिनिधि चुना गया। उत्तराखंड प्रादेशिक कोऑपरेटिव यूनियन के सामान्य निकाय के लिए पुष्पा भाकुनी और गणेश सिंह चयनित हुए।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश में जिला सहकारी बैंक चुनाव चरणबद्ध तरीके से संपन्न हुए। गढ़वाल मंडल के सभी छह जिला सहकारी बैंकों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। वहीं, कुमाऊं मंडल के चारों जिला सहकारी बैंकों में भी अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और निदेशक पदों पर निर्विरोध बोर्ड का गठन किया गया है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights