up-theft-worth-lakhs-shutters

मीरजापुर, 22 अगस्त । राजगढ़ थाना क्षेत्र के भावा बाजार में शुक्रवार रात बेखौफ चोरों ने एक ही रात दो सगी भाईयों की आभूषण दुकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के गहने पार कर दिए। चोर चैनल का ताला काटकर दोनों दुकानों के शटर उठाकर अंदर दाखिल हुए और करीब पांच से छह लाख रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत है और लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी भी है।

भावा बाजार निवासी अजय सोनी और शिवकुमार सगे भाई हैं और दोनों की आमने-सामने आभूषण की दुकानें हैं। अजय सोनी के अनुसार, शुक्रवार शाम दोनों भाई रोज की तरह दुकानें बंद कर घर चले गए। आधी रात में चोरों ने बाजार में धावा बोला। चैनल का ताला काटने के बाद दोनों दुकानों के शटर उठाकर चोर अंदर घुसे और आभूषण लेकर फरार हो गए।

शनिवार सुबह अजय की नींद खुली तो दुकान का शटर टूटा और अंदर सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने परिजनों को सूचना दी। शिवकुमार की दुकान का शटर भी टूटा मिला और वहां भी चोरी हुई थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है।

थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्रा ने बताया कि भावा बाजार में दो आभूषण दुकानों में चोरी की सूचना मिली है। पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच कर रही है और चोरी के खुलासे के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

लगातार चोरी से लोगों में भय क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। बुधवार रात ही पतेरी गांव निवासी रितेश सिंह के घर से चोर करीब 15 लाख रुपये के आभूषण चोरी कर ले गए थे। इससे पहले 29 जून को हिनौता गांव निवासी रवीश कुमार शुक्ल के घर दिनदहाड़े ताला तोड़कर करीब 10 लाख रुपये के आभूषण चोरी हुए थे। एक सप्ताह पहले नदिहार बाजार निवासी पारस यादव के घर से इनवर्टर और बैटरी चोरी हुई थी। इसके अलावा नदिहार से दो बाइक और भवानीपुर से एक बाइक चोरी की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि कई पुरानी चोरी की घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार वारदातों से लोगों में आक्रोश है और उन्होंने पुलिस से चोरियों पर अंकुश लगाने तथा जल्द खुलासा करने की मांग की है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights