up-sultanpur-bjp-prem-shukla-

सुलतानपुर, 21 जुलाई । उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ल ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन में आतंकवादियों, अराजकतावादियों एवं विभाजनकारी ताकतों का समर्थन लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि देश विरोधी नारों और गतिविधियों को किसी भी स्थिति में समर्थन नहीं दिया जा सकता।

भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में मंगलवार को प्रेस वार्ता का आयोजन भाजपा कार्यालय पर किया गया। शुक्ल ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं और छात्रों के भविष्य को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। नीट परीक्षा से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुनः परीक्षा सफलतापूर्वक कराई गई तथा पेपर लीक प्रकरण में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए लीक-प्रूफ व्यवस्था तैयार की गई है।

उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय भी कई प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए, लेकिन उस समय दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होती थी। वर्तमान सरकार ने पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी है।

प्रदेश की राजनीति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास, कानून व्यवस्था और सुशासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव इन्हीं उपलब्धियों के आधार पर लड़ा जाएगा और भाजपा पुनः सरकार बनाएगी।

प्रेम शुक्ल ने भारत के निजी अंतरिक्ष क्षेत्र की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि विक्रम-1 की सफलता ऐतिहासिक है। भारत का पहला निजी ऑर्बिटल रॉकेट सफलतापूर्वक अंतरिक्ष की कक्षा में पहुंचा है, जिससे देश वैश्विक अंतरिक्ष क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि भारत 7.7 प्रतिशत की विकास दर के साथ दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि हाल के विभिन्न चुनावों में भाजपा को जनता का व्यापक समर्थन मिला है, जिससे विपक्षी दल निराशा की स्थिति में हैं। विपक्ष के पास न तो कोई ठोस मुद्दा बचा है और न ही सकारात्मक एजेंडा।

अयोध्या प्रकरण पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि मामले की जांच सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में गठित एसआईटी कर रही है तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी। ई-20 पेट्रोल के संबंध में उन्होंने कहा कि इसके उपयोग से किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव सामने नहीं आया है।

प्रेस वार्ता से पूर्व भाजपा जिला कार्यालय पहुंचने पर जिलाध्यक्ष सुशील कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर प्रेम शुक्ल का स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों के साथ संवाद करते हुए कहा कि वर्ष 2027 में एकतरफा जीत सुनिश्चित करने के लिए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाना होगा।

इस अवसर पर जिला मीडिया प्रमुख विजय सिंह रघुवंशी, जिला महामंत्री संदीप सिंह, रामेंद्र प्रताप सिंह, राजेश दुबे निर्माण, संदीप मिश्रा,एलके दूबे, संजय सोमवंशी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights