मनीष अग्रवाल

सहारानपुर। जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान सहारनपुर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अभिनन्दन सहारनपुर द्वारा आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराए जाने के उद्देश्य से इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आई.एम.ए.) के चिकित्सकों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने, आपातकालीन चिकित्सा प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने तथा विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। चिकित्सकों से यात्रा मार्ग पर स्थापित किए जाने वाले चिकित्सा शिविरों, पर्याप्त संख्या में चिकित्सकीय स्टाफ, आवश्यक जीवनरक्षक औषधियों, एम्बुलेंस सेवाओं एवं प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया। बैठक में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा चिकित्सकों से प्रशासन एवं पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करते हुए किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही, दुर्घटना अथवा अन्य आकस्मिक परिस्थितियों में तत्काल चिकित्सा प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने, रेफरल व्यवस्था को सुदृढ़ रखने तथा स्वास्थ्य विभाग, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ सतत समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।गोष्ठी के अंत में सभी चिकित्सकों से कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपनी सेवाएं प्रदान करने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights