उप्र संगीत नाटक अकादमी कला की दुनिया को देगी नया मंच, हुनर को मिलेगी पहचान

– कलाकारों के लिए सुनहरा अवसर! अकादमी पुरस्कारों के लिए करें आवेदन

मीरजापुर, 1 जून (हि.स.)। अगर आप मीरजापुर के ऐसे कलाकार हैं जो वर्षों से कला की दुनिया में साधना कर रहे हैं, तो अब आपके हुनर को प्रदेश स्तर पर पहचान मिलने का समय आ गया है। उत्तर प्रदेश सरकार की सांस्कृतिक नीति के अंतर्गत एक प्रेरणादायक पहल करते हुए उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी, लखनऊ ने वर्ष 2022, 2023 एवं 2024 के लिए अकादमी पुरस्कारों के लिए नामांकन प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं।

यह पुरस्कार संगीत, नृत्य, रंगमंच, लेखन, समीक्षा, कला उन्नयन और छायांकन जैसे विविध क्षेत्रों में कार्यरत प्रतिभाशाली कलाकारों को प्रदान किए जाएंगे।

गायन, वादन, नृत्य, रंगमंच, लेखन-समीक्षा, छायांकन यदि आप इनमें से किसी भी विधा में पिछले दस वर्षों से सक्रिय हैं, तो यह पुरस्कार आपके लिए है।

नामांकन के लिए दो श्रेणियों को पात्र माना गया है। ऐसे कलाकार जो उत्तर प्रदेश में जन्मे हैं और निरंतर कार्य कर रहे हैं और वे कलाकार जिनका जन्म भले ही अन्यत्र हुआ हो, पर वे पिछले 10 वर्षों से उत्तर प्रदेश में निवास कर यहां की संस्कृति को समृद्ध कर रहे हैं।

मीरजापुर के कलाकारों के लिए यह खास मौका सिर्फ सम्मान ही नहीं, बल्कि एक नई पहचान, सरकारी मंचों पर सहभागिता और प्रशिक्षण जैसे अवसरों का द्वार खोलता है।

जिला सूचना अधिकारी ओम प्रकाश उपाध्याय ने सभी कलाकारों से आग्रह किया है कि वे अपना आवेदन 10 जून 2025 तक सूचना एवं जनसंपर्क विभाग कार्यालय, रामबाग में जमा करें। आवेदन के लिए निर्धारित प्रारूप कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Verified by MonsterInsights