देहरादून, 08 अगस्त । उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने शनिवार को अवकाश के दिन विद्युत वितरण मंडल रूड़की की व्यापक समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने नए कनेक्शन में देरी पर होने पर जिम्मेदारी तय करने और जुलाई तक निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 55 प्रतिशत राजस्व प्राप्ति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को वसूली की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में विद्युत वितरण व्यवस्था, राजस्व संग्रहण, उपभोक्ता शिकायतों के निस्तारण, नए विद्युत कनेक्शन और परिचालन से जुड़े विभिन्न विषयों की खंड और उपखंडवार समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य अभियंता हरिद्वार शेखर त्रिपाठी, अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत सहित अधिशासी अभियंता उपस्थित रहे, जबकि उपखंड अधिकारियों और अवर अभियंताओं ने ऑनलाइन माध्यम से प्रतिभाग किया।
प्रबंध निदेशक ने डिफाल्टर उपभोक्ताओं के लंबित विद्युत कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बिजली चोरी के मामलों में भी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि यूपीसीएल की बिलिंग दक्षता इस वित्तीय वर्ष में हर हाल में 90 प्रतिशत से अधिक रखी जानी चाहिए। अधिकारियों और कर्मचारियों को राजस्व सुधार के लिए पूरी गंभीरता और समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए।
श्री ध्यानी ने कहा कि कारपोरेशन को चालू वित्तीय वर्ष में लाभ अर्जित करने वाला निगम बनाने के लक्ष्य के अनुरूप सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने राजस्व वसूली में किसी भी स्तर पर लापरवाही को गंभीरता से लेने की बात कही। समीक्षा के दौरान लंबित नए विद्युत कनेक्शनों और उनके सापेक्ष विलंब पेनल्टी की स्थिति पर भी प्रबंध निदेशक ने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक उपभोक्ता को निर्धारित समय-सीमा के भीतर स्मार्ट मीटर के माध्यम से नया विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि नए कनेक्शन जारी करने में अनावश्यक देरी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। नियमानुसार विलंब की स्थिति में पेनल्टी की राशि संबंधित अधिकारी अथवा एएमआईएसपी से वसूल करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रबंध निदेशक ने उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाना चाहिए। उन्होंने विद्युत वितरण से जुड़े सभी कार्यों को गुणवत्ता मानकों और सुरक्षा नियमों का पूर्ण पालन करते हुए पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में नियमित निगरानी बढ़ाने और विद्युत आपूर्ति और उपभोक्ता सेवाओं से संबंधित समस्याओं का स्थानीय स्तर पर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में मुख्य अभियंता हरिद्वार शेखर त्रिपाठी, अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत, संबंधित अधिशासी अभियंता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। उपखंड अधिकारियों एवं अवर अभियंताओं ने ऑनलाइन माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।
