रुड़की, 10 अक्टूबर । ऑपरेशन प्रहार के तहत रुड़की कोतवाली पुलिस ने शिव मंदिर में चोरी के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, नौ अक्टूबर को नगला इमरती निवासी प्रहलाद त्यागी ने शिव मंदिर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित कर जांच उपनिरीक्षक मनोज रावत को सौंपी गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर की सूचना पर उसी रात नगला इमरती स्थित आम के बाग के पास स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल सवार दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपितों की पहचान टोडा अहतमाल निवासी महबूब पुत्र शरीफ और जलालपुर निवासी फिरोज पुत्र इकराम के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से दो घंटे, तांबे का एक लोटा, पीली धातु का एक बड़ा दीपक, छह बत्तियों वाला एक दीपक, तांबे का एक सर्प और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपितों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
