व्यापार बंधु की बैठक में गूंजा विरोध, डीएम को सौंपा ज्ञापन; बोले कि चुनाव कराइए, लेकिन मंडी का कारोबार ठप मत कराइए।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। चुनावी प्रक्रिया और मतगणना की व्यवस्था का असर अब नवीन मंडी के कारोबार पर पड़ने की आशंका को लेकर व्यापारियों ने आवाज बुलंद कर दी है। मंडी स्थल की करीब 45 दुकानों के अधिग्रहण का मामला जिला व्यापार बंधु की बैठक में प्रमुखता से उठा। व्यापारियों ने आशंका जताई कि दुकानों के अधिग्रहण से न केवल व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होंगी, बल्कि किसानों और मजदूरों के सामने भी परेशानी खड़ी हो सकती है।इस मुद्दे को लेकर व्यापारी प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए चुनावी प्रक्रिया और मतगणना के लिए वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने की मांग की। उनका सुझाव है कि पूर्व की भांति किसी राजकीय विद्यालय अथवा उपयुक्त वेयरहाउस में चुनावी व्यवस्था की जाए, ताकि नवीन मंडी का सामान्य कारोबार निर्बाध रूप से चलता रहे। व्यापारी प्रतिनिधियों का कहना है कि मंडी केवल दुकानों तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां से जुड़े व्यापारियों, किसानों और मजदूरों की रोजी-रोटी भी इसी व्यवस्था पर निर्भर है। ऐसे में 45 दुकानों का अधिग्रहण होने से व्यापक स्तर पर कारोबार प्रभावित होने की आशंका है। बैठक में कृष्ण गोपाल मित्तल, संजय मिश्रा, सरदार बलविंदर सिंह, शलभ गुप्ता, सुनील तायल, विजय प्रताप सिंह और भूपेंद्र गोयल सहित अनेक व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे। व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि वे प्रशासनिक और चुनावी व्यवस्थाओं के विरोधी नहीं हैं, बल्कि चाहते हैं कि चुनावी प्रक्रिया भी निष्पक्ष एवं सुचारू ढंग से संपन्न हो और मंडी का कारोबार भी प्रभावित न हो।
