65 हजार रुपए तक की ई-ट्राईसाइकिल के लिए छात्राओं के हुए पंजीकरण, दिव्यांगजनों को निःशुल्क बांटे गए कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण।

जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी दीक्षा उपाध्याय के नेतृत्व में चला अभियान

खतौली (नीरज प्रजापति)। शारीरिक चुनौतियों के बावजूद शिक्षा और आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ने का सपना देख रही दिव्यांग छात्राओं के लिए खतौली में आयोजित विशेष शिविर उम्मीद की नई किरण लेकर आया। शासन की कल्याणकारी योजनाओं को पात्र दिव्यांगजनों तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को खतौली विकासखंड में विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जहां शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत पात्र दिव्यांग छात्राओं को इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई, वहीं जरूरतमंद दिव्यांगजनों को उनकी शारीरिक एवं चिकित्सकीय आवश्यकताओं के अनुरूप निःशुल्क सहायक उपकरण भी वितरित किए गए। जनपद के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के तत्वावधान में तथा आधारशिला ग्रामोत्थान सेवा संस्थान के सहयोग से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की पहल की गई। शिविर का मुख्य आकर्षण स्कूलों, कॉलेजों अथवा अन्य शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाली दिव्यांग छात्राओं के लिए लगभग 65 हजार रुपये तक की ई-ट्राईसाइकिल योजना रही। इसके लिए पात्र छात्राओं के आवेदन प्राप्त कर पंजीकरण और आवश्यक पात्रता संबंधी प्रक्रिया पूरी कराई गई।
इस योजना का उद्देश्य दिव्यांग छात्राओं के सामने आवागमन की समस्या को कम करना और उन्हें शिक्षा के लिए दूसरों पर निर्भर रहने की मजबूरी से राहत दिलाना है। ई-ट्राईसाइकिल मिलने से छात्राओं को शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी और उनकी पढ़ाई में आने वाली परिवहन संबंधी बाधाएं कम हो सकेंगी। वहीं शिविर में कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना के अंतर्गत पात्र दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार निःशुल्क उपकरण प्रदान किए गए। इन उपकरणों के माध्यम से दिव्यांगजनों को दैनिक जीवन के कार्यों में सहूलियत देने और उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने का प्रयास किया गया। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी दीक्षा उपाध्याय के नेतृत्व में आयोजित शिविर में विभागीय स्तर पर लाभार्थियों की जरूरतों और पात्रता को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की गई। नवंबर माह में विभिन्न जिलों में चलाए जा रहे पंजीकरण शिविरों की श्रृंखला में खतौली का यह आयोजन भी महत्वपूर्ण कड़ी साबित हुआ। शिविर के जरिए स्पष्ट संदेश दिया गया कि दिव्यांगता किसी की प्रतिभा, शिक्षा और आत्मनिर्भर बनने की क्षमता के आड़े नहीं आनी चाहिए। जरूरत है तो केवल सही समय पर सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने की। खतौली में हुई यह पहल इसी दिशा में एक सार्थक कदम रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights