uk-nabard-apple-festival-

देहरादून, 09 अक्टूबर । राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) की ओर से देहरादून में आयोजित दो दिवसीय ‘सेब महोत्सव 3.0’ में करीब 2,400 साै किलोग्राम सेब और 700 साै किलोग्राम कीवी की बिक्री हुई। आठ और नौ अक्टूबर को आयोजित महोत्सव में किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), स्वयं सहायता समूहों और जनजातीय विकास निधि परियोजनाओं के लाभार्थियों को अपने उत्पादों के विपणन के लिए मंच मिला।

नाबार्ड के उत्तराखंड क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में आयोजित महोत्सव का उद्घाटन आठ अक्टूबर को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने किया था। इस अवसर पर नाबार्ड के उत्तराखंड क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य महाप्रबंधक पंकज यादव, कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग के सचिव एसएन पाण्डेय और भारतीय रिजर्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक हर्ष कुमार गौतम सहित विभिन्न बैंकों और सरकारी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि ऐसे आयोजन राज्य के कृषि और स्थानीय उत्पादों के प्रति उपभोक्ताओं में जागरूकता बढ़ाने के साथ किसानों को विपणन का बेहतर मंच उपलब्ध कराते हैं। इससे किसानों को सरकारी योजनाओं और सहायता तंत्र की जानकारी भी मिलती है।

महोत्सव के दौरान मुख्य सचिव और नाबार्ड अधिकारियों के बीच हुई बैठक में विकास परियोजनाओं के बेहतर समन्वय के लिए नाबार्ड और उत्तराखंड सरकार के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) की संभावनाओं पर विचार करने का सुझाव दिया गया। इसका उद्देश्य विभिन्न विभागों की योजनाओं में समन्वय बढ़ाना और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करना है।

नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक यादव ने कृषि एवं ग्रामीण विकास, आजीविका संवर्धन, जनजातीय विकास, जलवायु अनुकूल कृषि, किसान उत्पादक संगठनों और ग्रामीण आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में बैंक की पहलों की जानकारी दी।

महोत्सव में सेब और कीवी के अलावा हथकरघा, डेयरी और भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैग वाले उत्पादों की भी बिक्री हुई। नाबार्ड के अनुसार, आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण उत्पादकों को बाजार से जोड़ना, उद्यमिता को प्रोत्साहित करना और किसानों की आय बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराना था।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights