uk-kedarnath-yatra-sanitation-

रुद्रप्रयाग, 05 अप्रैल (हि. स.)। राज्य में 22 मार्च से शुरू हाेने वाली केदारनाथ यात्रा को ग्रीन, स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रा मार्ग पर स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाए जा रहे हैं।

रविवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में नगर पंचायत गुप्तकाशी के मुख्य बाजार क्षेत्र में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बाजार क्षेत्र में व्यापक सफाई की गई तथा एकत्रित ठोस अपशिष्ट का विधिवत निस्तारण सुनिश्चित किया गया।

इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी रावत ने बताया कि प्रशासन का लक्ष्य इस वर्ष संपूर्ण यात्रा मार्ग को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाना है। इसके तहत विभिन्न स्थानों पर नियमित रूप से स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं। गुप्तकाशी में आयोजित अभियान के दौरान स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों को भी जागरूक करते हुए कूड़ा निर्धारित स्थानों पर डालने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई। उन्हाेंने बताया कि निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकांशतः साफ पाया गया, जबकि बाजार क्षेत्र की कुछ नालियों में गंदगी मिलने पर उन्हें तत्काल साफ कराया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इन स्थानों पर नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्हाेंने कहा कि प्रशासन की ओर से यात्रा मार्ग के प्रत्येक पड़ाव पर स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। केदारनाथ यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बने, बल्कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का भी उदाहरण प्रस्तुत करे।

अभियान में नगर पंचायत अध्यक्ष विशेश्वरी देवी, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights