uk-doon-book-festival-

देहरादून, 09 अप्रैल । दून बुक फेस्टिवल-2026 के छठे दिन गुरुवार को विविध और रोचक कार्यक्रमों के तहत दिनभर चले आयोजनों में बच्चों, युवाओं और साहित्य प्रेमियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली, जिससे पूरे परिसर में रचनात्मकता और जीवंतता का माहौल बना रहा।

बाल मंडप में आयोजित गतिविधियां विशेष आकर्षण रहीं, जहां चिल्ड्रन कॉर्नर में लगभग 800 छात्रों ने भाग लिया। ‘ऐपन आर्ट कॉर्नर’ में बच्चों ने पारंपरिक उत्तराखंडी लोक कला ऐपन के माध्यम से सांस्कृतिक विरासत को समझा। स्टोरीटेलर राजेश पांडेय ने ट्रैवलिंग ट्री और ए टाइनी सैपलिंग जैसी कहानियों के जरिए पर्यावरण जागरूकता का संदेश दिया। वहीं पिक्शनरी गेम और ज़ाईन मेकिंग वर्कशॉप ने बच्चों की रचनात्मकता को नई दिशा दी। साहित्यिक सत्रों में चंद्रचूर घोष और अनुज धर ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन और उनसे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर गहन चर्चा की गई। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े नए शोध और ऐतिहासिक दृष्टिकोणों पर भी प्रकाश डाला गया।

लेखक और पूर्व आईएएस अधिकारी संजीव चोपड़ा ने साहित्य के माध्यम से इतिहास को सरल और रोचक रूप में प्रस्तुत किया, जबकि सामाजिक कार्यकर्ता अनूप नौटियाल के साथ संवाद सत्र में साहित्य के महत्व पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के समापन पर उत्तराखंड की लोक गायिका प्रियंका मेहर की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे वातावरण को लोक संगीत की मधुर धुनों से सराबोर कर दिया।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights