uk-devgram-parivaron-punarvas

गोपेश्वर, 13 अगस्त । ज्योतिर्मठ तहसील के देवग्राम में भू-संवेदनशीलता के चलते 27 प्रभावित परिवारों के सुरक्षित विस्थापन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय पुनर्वास समिति की बैठक में प्रभावित परिवारों के विस्थापन का प्रस्ताव शासन को भेजने पर सहमति बनी।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि 27 परिवारों के विस्थापन और पुनर्वास के लिए 1 करोड़ 21 लाख 25 हजार रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्रस्ताव में प्रभावित परिवारों के भवन निर्माण, पशुओं के लिए गौशाला, विस्थापन भत्ता और पुनर्वास स्थल पर ग्रामीण काश्तकारों को स्वरोजगार शुरू करने के लिए सहायता समेत अन्य मद शामिल किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि देवग्राम की स्थिति को लेकर पहले भी दो बार भू-वैज्ञानिक जांच कराई जा चुकी है। तहसील स्तर पर विस्थापन की कार्ययोजना तैयार करने के साथ इससे संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं भी पूरी कर ली गई हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव से जुड़े सभी अभिलेख और आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी कर शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों का सुरक्षित और व्यवस्थित पुनर्वास प्रशासन की प्राथमिकता है। बैठक में एसडीएम ज्योतिर्मठ चंद्रशेखर वशिष्ठ,जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights