पौड़ी गढ़वाल, 22 जुलाई । पौड़ी जिले की देवप्रयाग थाना पुलिस ने बहुउद्देशीय सहकारी समिति में करीब 19 लाख रुपये के कथित गबन के मामले में फरार चल रहे पूर्व सचिव को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सर्वेश पंवार ने बुधवार को बताया कि 19 मार्च 2026 को विकासखंड कोट के सहायक विकास अधिकारी संदीप सिंह की शिकायत पर बहुउद्देशीय सहकारी समिति लिमिटेड, देवप्रयाग के तत्कालीन सचिव शैलेंद्र गैरोला के खिलाफ वित्तीय अनियमितता और गबन का मामला दर्ज किया गया था।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस टीम गठित की गई। आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने उसकी तलाश में विभिन्न स्थानों पर दबिश देने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की।
एसएसपी ने बताया कि सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपित शैलेंद्र गैरोला, निवासी कीर्तिनगर, को श्रीनगर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने सहकारी समिति में लगभग 19 लाख रुपये के गबन की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राकेश चौधरी, हेड कांस्टेबल बुद्धि बल्लभ तथा कांस्टेबल हरीश जमलोकी और विक्रम सिंह शामिल थे।
