uk-cmo-pauri-has-instructed

पौड़ी गढ़वाल, 29 मार्च ।

जिला अस्पताल पौड़ी में बिना प्रसव हुए 19 फर्जी जन्म पंजीकरण किए जाने का मामला सामने आया है। चार सदस्यीय जांच समिति की रिपोर्ट में इसकी पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित कार्मिक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने बताया कि वर्ष 2025 में जनवरी से दिसंबर के बीच अस्पताल में कुल 369 जन्म पंजीकरण हुए, जिनमें से 19 पंजीकरण फर्जी पाए गए हैं। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक (पीएमएस) को संबंधित कार्मिक को तत्काल प्रभाव से पटल से हटाने के निर्देश दिए हैं।

सीएमओ ने बताया कि उक्त कार्मिक के खिलाफ ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में रहने और गर्भवती महिलाओं से अभद्रता करने की शिकायतें भी प्राप्त हुई हैं। इसके अलावा अस्पताल में विद्युत व्यवस्था के लिए तैनात एक अन्य कार्मिक की कार्यशैली को लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं। दोनों संविदा कार्मिकों की सेवाएं समाप्त करने के लिए चिकित्सा प्रबंध समिति में प्रस्ताव रखा जाएगा।

उन्होंने बताया कि बीते 18 मार्च को अस्पताल के औचक निरीक्षण के दौरान एनएचएम के तहत तैनात अस्पताल प्रबंधक के लंबे समय से बिना अनुमति अनुपस्थित रहने का मामला भी सामने आया था। इस पर प्रबंधक का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है।

सीएमओ के अनुसार संबंधित प्रबंधक निरीक्षण के बाद दो दिन उपस्थित हुआ, लेकिन इसके बाद पुनः अनुपस्थित है। मामले में एनएचएम निदेशालय को सेवा अनुबंध का नवीनीकरण न करने की संस्तुति भेजी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि अस्पताल में किसी भी प्रकार की अनियमितता और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights